नोएडा. उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. सेक्टर-49 निवासी एक कारोबारी को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर जालसाजों ने 1.13 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बना लिया. ठगों ने पहले कारोबारी को व्हाट्सऐप पर संपर्क किया और खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर भरोसे में लिया.
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें- BREAKING: लखनऊ में खौफनाक वारदात: SBI कर्मी ने बैंक अफसर पत्नी और बहन मारी गोली, खुद को भी उड़ाया
WhatsApp ग्रुप में जोड़कर शुरू किया ठगी का खेल
42 वर्षीय कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 8 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया था. बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताया. इसके बाद कारोबारी को “BNI स्टॉक मार्केट कोच मुंबई” नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया गया. ठगों ने एक वेबसाइट पर उनका अकाउंट भी बनवाया और निवेश के लिए अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी.
50 हजार के निवेश पर दिखाया 9 हजार का मुनाफा
ठगों ने शुरुआत में कारोबारी से 50 हजार रुपये निवेश करवाए. इसके बाद वेबसाइट पर 9 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया. मुनाफा देखकर कारोबारी को लगा कि निवेश से लगातार कमाई हो रही है. इसके बाद उन्होंने ठगों की बातों पर भरोसा कर बड़ी रकम लगानी शुरू कर दी.
कई किस्तों में ट्रांसफर किए 1.13 करोड़ रुपये
कारोबारी के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजे, जिससे उनका विश्वास बढ़ता गया. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपये ट्रांसफर किए. 14 दिसंबर को 10 लाख रुपये, 17 दिसंबर को दो बार में 30 लाख रुपये, 19 दिसंबर को 12 लाख रुपये और 31 दिसंबर को दो बार में 10 लाख रुपये समेत कई ट्रांजेक्शन किए गए. इस तरह कुल 1.13 करोड़ रुपये जालसाजों के खातों में पहुंच गए.
रकम निकालने की कोशिश पर खुली ठगी की पोल
मार्च 2026 में कारोबारी को पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया. आरोप है कि ठगों ने पैसे लौटाने के बजाय उनसे और रकम जमा करने को कहा. इस पर कारोबारी को शक हुआ. उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन धीरे-धीरे सभी नंबर बंद हो गए और जवाब मिलना भी बंद हो गया. जून 2026 तक कारोबारी को पूरी तरह समझ आ गया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं. इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.
इसे भी पढ़ें-आयुषी मर्डर केस अपडेट: लाल ट्रॉली बैग में मिली थी बेटी की लाश; कलयुगी माता-पिता को अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा
पुलिस जुटा रही डिजिटल सबूत
साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बैंक खातों, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मिलने वाले ऑनलाइन ऑफर और फर्जी मुनाफे के दावों से सावधान रहें.

