लखनऊ. राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां एक SBI कर्मी ने अपनी बैंक अफसर पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात से पहले सोशल मीडिया पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था.
ICICI बैंक के बाहर पत्नी को बुलाकर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मानस बाजपेयी गुरुवार दोपहर कार से ICICI बैंक पहुंचा था. उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को ऑफिस के बाहर बुलाया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई. इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. गोली की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दिव्या गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं. दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं.
घर पहुंचकर बहन को भी मारी गोली
पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी करीब 2 किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह काफी पसीने में था और जल्दी-जल्दी घर के अंदर गया. घर पहुंचने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद अपनी बहन सीबा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
आत्महत्या से पहले लगाया वॉट्सऐप स्टेटस
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आत्महत्या से पहले वॉट्सऐप स्टेटस लगाया था. इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और आरोप लगाया कि पत्नी ने उसे धोखा दिया. उसने अपने स्टेटस में पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया. हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
12 साल पहले हुई थी शादी, तलाक की चल रही थी प्रक्रिया
बताया जा रहा है कि दिव्या मिश्रा और मानस बाजपेयी की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी. दोनों की कोई संतान नहीं थी. परिजनों के मुताबिक, दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी. इसके बाद वह आलमबाग इलाके में रहने लगी थीं. वहीं मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रह रहा था. मानस SBI में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था. उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था.
पुलिस खंगाल रही सभी पहलू
गोमती नगर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की है. पुलिस अब हथियार, मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया पोस्ट और पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

