यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश 2026 में प्रवेश से वंचित या प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त काउंसलिंग के जरिए मौका दिया गया है. छठे और सातवें चरण की काउंसलिंग 21 अगस्त से 10 सितंबर तक होगी और प्रवेश के लिए 14 सितंबर तक अवसर मिलेगा.

लखनऊ. यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश 2026 की प्रक्रिया में प्रवेश से वंचित रह गए या अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है. संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग और फार्मेसी को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों के लिए छठे और सातवें चरण की अतिरिक्त ऑनलाइन काउंसलिंग कराने का फैसला किया है.

अतिरिक्त काउंसलिंग 21 अगस्त से शुरू होकर 10 सितंबर 2026 तक चलेगी. अभ्यर्थियों को प्रवेश लेने के लिए 14 सितंबर 2026 तक अवसर मिलेगा.

सभी योग्य अभ्यर्थी पात्र

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह के अनुसार, 25 जून से 14 अगस्त 2026 तक डिप्लोमा इंजीनियरिंग और अन्य पाठ्यक्रमों के लिए मुख्य एवं विशेष काउंसलिंग कराई गई थी. इसके बावजूद प्रवेश से रह गए या प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके अभ्यर्थियों को एआईसीटीई के नए एकेडमिक कैलेंडर के तहत अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है.

21 अगस्त से 10 सितंबर तक होने वाली छठे और सातवें चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग में उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों के सभी NON-ADMITTED (QUALIFIED) अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे. यह प्रक्रिया ग्रुप-A, B, C, D, F, G, H, I, K1 से K8 और L के लिए होगी.

छठे चरण का शेड्यूल

छठे चरण में योग्य अभ्यर्थी 21 से 23 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. सीट आवंटन 24 अगस्त को होगा. आवंटित सीट के बाद ऑनलाइन फ्रीज विकल्प चुनने और सिक्योरिटी व काउंसलिंग फीस जमा करने की प्रक्रिया 25 से 28 अगस्त तक चलेगी.

इस चरण में फ्लोट विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. केवल फ्रीज किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन जिला सहायता केंद्रों पर 25 से 29 अगस्त तक शाम 6 बजे तक किया जाएगा.

छठे चरण में आवंटित सीट से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 30 अगस्त है. संबंधित संस्था में रिपोर्टिंग 31 अगस्त तक करनी होगी.

सातवें चरण का शेड्यूल

सातवें चरण के लिए च्वाइस फिलिंग 1 से 3 सितंबर तक होगी, जबकि सीट आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा. इस चरण में सभी अभ्यर्थियों की सीट ऑटो फ्रीज हो जाएगी.

सिक्योरिटी और काउंसलिंग फीस 5 से 7 सितंबर तक जमा की जा सकेगी. दस्तावेज सत्यापन 5 से 8 सितंबर तक शाम 6 बजे तक होगा.

आवंटित सीट से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 सितंबर और संबंधित संस्था में रिपोर्टिंग की अंतिम तारीख 10 सितंबर निर्धारित की गई है.

परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार काउंसलिंग और प्रवेश से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें. काउंसलिंग की विस्तृत जानकारी और पूरा शेड्यूल परिषद के आधिकारिक पोर्टल jeecup.admissions.nic.in पर उपलब्ध है.