नोएडा. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस अलर्ट मोड पर है. शनिवार तड़के से ही दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई. पुलिस के मुताबिक, नोएडा से दिल्ली जाने वाले 5 हजार से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई. चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, झुंडपुरा और दर्शन चौकी समेत दिल्ली से सटे प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. जिले में 20 अक्टूबर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी भी दी गई है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश की चुनौती पर योगी का पलटवार, बोले- अयोध्या से आप भी लड़िए, मैं भी लड़ता हूं; सपा प्रमुख ने दिया जवाब
दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती जारी
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा-दिल्ली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. वाहनों की जांच के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है. चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दो लेन बंद कर दीं, जबकि एक लेन से यातायात जारी रहा. इसके कारण कई जगह जाम लगा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर आंदोलन
CJP के नेता अभिजीत दिपके और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है. संगठन की ओर से रविवार को भी जंतर-मंतर की ओर कूच करने का ऐलान किया गया था. इसी आशंका को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई.
जरूरत पड़ने पर हिरासत में लेने की तैयारी
प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने जांच और रोकथाम की व्यवस्था की. अधिकारियों की योजना के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर लोगों को हिरासत में भी लिया जा सकता है. शनिवार को प्रदर्शन का सीधा असर नोएडा में व्यापक रूप से नहीं दिखा, लेकिन चेकिंग के कारण यातायात प्रभावित हुआ.
इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले जयंत चौधरी का मास्टरस्ट्रोक! नूरपुर रैली में PM मोदी को बुलाने की तैयारी
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी सूचनाओं और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया निगरानी की व्यवस्था की है. इसके लिए दो टीमें तैनात किए जाने की जानकारी है. स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पीजी में रहने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई. पुलिस की सख्ती रविवार को भी जारी रहने की बात कही गई है.

