Bihar MLC Elections: बिहार में एमएलसी की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव की प्रक्रिया आज 1 जून सोमवार से शुरू हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक आज से एमएलसी प्रत्याशी चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। बता दें कि 18 जून को एमएलसी की 9 सीटों पर नियमित चुनाव होना है। वहीं, एक सीट पर चुनाव होना है।
चुनाव में NDA का पलड़ा भारी
राजनीतिक गणित के हिसाब से एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है।
एनडीए में सीट बंटवारे पर बनी सहमति
एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। सूत्रों के मुताबिक जदयू के हिस्से में सबसे अधिक 4 सीट और बीजेपी 3 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, एक-एक सीट चिराग की पार्टी LJP(R) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को दिए जाने की चर्चा है। हालांकि जीतन राम मांझी ने भी एक सीट की डिमांड कि है, लेकिन चुनावी गणित के हिसाब से सभी 10 सीटों पर एनडीए का चुनाव जीतना संभव नहीं है, ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर फाइनल फैसला क्या होता है?
सुनील सिंह को फिर हो सकते हैं राजद के उम्मीदवार
गौरतलब है कि राजद से सुनील सिंह और मोहम्मद फारूक का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी मौजूदा एमएलसी में से ही किसी एक को फिर से अपना उम्मीदवार बना सकते हैं। प्रबल संभावना है कि राजद सुनील सिंह को फिर से अपना उम्मीदवार बना सकती है। बता दें कि राजद से तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य के नामों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, पार्टी या फिर किसी नेता की ओर से उम्मीदवार (तेज प्रताप यादव, रोहिणी) को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा या बयान सामने नहीं आया।
एमएलसी चुनाव का पूरा कार्यक्रम
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार MLC की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।
ये भी पढ़ें- जमानत पर जेल से बाहर आए कुख्यात गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या, कई चर्चित हत्याकांड में आया था नाम

