नॉर्वे के राजा हाराल्ड V का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शाही महल के मुताबिक, उन्होंने सुबह 6:35 बजे ओस्लो के नेशनल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। नॉर्वे की सरकार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। करीब 35 वर्षों तक देश के राजा रहे हाराल्ड यूरोप के सबसे उम्रदराज शासक थे।

1991 में संभाली थी नॉर्वे की गद्दी

राजा हाराल्ड ने अपने पिता ओलाव V के जनवरी 1991 में निधन के बाद नॉर्वे की राजगद्दी संभाली थी। उनके शासनकाल में देश ने तेल और गैस से होने वाली आय के चलते आर्थिक समृद्धि का लंबा दौर देखा। उन्होंने नॉर्वे की राजशाही को आधुनिक और अधिक जन-केंद्रित बनाने की दिशा में काम किया।

नॉर्वे एक संवैधानिक राजशाही है, जहां राजा की भूमिका मुख्य रूप से प्रतीकात्मक है और वास्तविक राजनीतिक शक्तियां निर्वाचित संसद के पास हैं। इसके बावजूद हाराल्ड जनता के बीच बेहद लोकप्रिय रहे। उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पद छोड़ने के बजाय अपनी जिम्मेदारियां निभाना जारी रखा।

अब हाकोन VIII होंगे नॉर्वे के राजा

हाराल्ड V के निधन के साथ उनके बेटे क्राउन प्रिंस हाकोन ने स्वतः नॉर्वे की राजगद्दी संभाल ली है और अब वह राजा हाकोन VIII के रूप में देश का नेतृत्व करेंगे। नॉर्वे के नियमों के तहत राजा की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारी तत्काल नया राजा बन जाता है।

इसके बाद सरकार की विशेष बैठक और शाही महल में नए राजा के साथ औपचारिक बैठक सहित संवैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। 1991 के बाद यह पहली बार है जब नॉर्वे में राजगद्दी बदली है।

पीएम ने कहा- पूरा देश शोक में

प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोरे ने हाराल्ड V के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पूरा देश शोक में है। उन्होंने राजा को तीन दशकों से अधिक समय तक नॉर्वे की सेवा करने वाला ऐसा शासक बताया, जिसने मुश्किल वक्त में लोगों को एकजुट रखा।

पीएम मोदी ने भी जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाराल्ड V के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में नॉर्वे यात्रा के दौरान राजा से उनकी मुलाकात हुई थी। मोदी ने हाराल्ड की गर्मजोशी और अपने देश की सेवा के प्रति उनकी गहरी भावना को याद करते हुए शाही परिवार और नॉर्वे की जनता के प्रति संवेदना जताई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m