तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से बड़ी खबर सामने आई है। स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के तहत मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान शहर की कई जानी-मानी हस्तियों को नोटिस जारी किया गया है। इस सूची में अभिनेता महेश बाबू, फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली, पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण और बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
किन-किन हस्तियों को मिला नोटिस?
जानकारी के मुताबिक, SIR प्रक्रिया के तहत जिन प्रमुख लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें महेश बाबू और उनकी पत्नी नम्रता, एसएस राजामौली, अभिनेता वेंकटेश दग्गुबाती और उनकी बेटियां, समांथा रुथ प्रभु, विजय देवरकोंडा, आनंद देवरकोंडा, वीवीएस लक्ष्मण, मिताली राज, पुलेला गोपीचंद, साइना नेहवाल, मुरली कृष्ण प्रसाद दिवि और उपासना कोंडिडेला शामिल हैं। यानी यह मामला केवल फिल्मी सितारों तक सीमित नहीं है। खेल और बिजनेस जगत से जुड़ी कई चर्चित हस्तियों के नाम भी इस प्रक्रिया में सामने आए हैं।
क्यों भेजा गया नोटिस?
चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची की जांच, सत्यापन और सुधार करना है। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ मामलों में मतदाताओं के नाम या उनके माता-पिता के नाम में अंतर पाया गया है। वहीं, कुछ रिकॉर्ड पुराने SIR डेटा से मैच नहीं हो सके हैं। कुछ मामलों में नोटिस जारी करने की वजह स्पष्ट रूप से नहीं बताई गई है।
क्या वोटर लिस्ट से कट जाएगा नाम?
यह सबसे अहम सवाल है। सिर्फ नोटिस मिलने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का वोटर रजिस्ट्रेशन रद्द हो गया है या उसे मतदान के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति सत्यापन के दौरान जरूरी दस्तावेज जमा कर अपनी जानकारी सही करा सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति खुद उपस्थित नहीं हो सकता, तो वह अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए भी सुनवाई में शामिल हो सकता है। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद यह प्रक्रिया वेरिफिकेशन और रिकॉर्ड सुधार की कवायद का हिस्सा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



