ODISHA DESK, भुवनेश्वर: बीजू जनता दल से इस्तीफा देने वाले देबाशीष सामंतराय की सीट खाली होने के बाद, ओडिशा विधानसभा सचिवालय ने सोमवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार, सोमवार 1 जून से ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 8 जून तक चलेगी। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 11 जून को नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है।
आगामी 18 जून को इस सीट के लिए मतदान होगा। वोटिंग प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन यानी 18 जून को ही वोटों की गिनती की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस उपचुनाव के लिए विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं, संयुक्त सचिव विद्याधर मांझी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
पूर्व बीजेडी नेता देबाशीष सामंतराय ने बीते 25 मई को राज्यसभा सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था। इसके अगले ही दिन यानी 26 मई को वह औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि बीजेपी इस उपचुनाव में देबाशीष सामंतराय को ही अपना उम्मीदवार बना सकती है। यदि उन्हें पार्टी का टिकट मिलता है और वह चुनाव जीत जाते हैं, तो इस्तीफा देने के महज एक महीने के भीतर दोबारा राज्यसभा लौटने का एक नया रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे।
गौरतलब है कि आगामी 18 जून को देश के 11 राज्यों की कुल 25 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, जिसमें ओडिशा की यह सीट भी शामिल है
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

