साहिबगंज। अंतरराज्यीय सोना चोर गिरोह के कथित सरगना हसन चिकना को पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड के बड़हरवा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उत्तर दिनाजपुर जिले की ईटाहार पुलिस ने बड़हरवा जीआरपी के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, हसन चिकना रांची से चोरी के सोने की डिलीवरी कर लौट रहा था।

वनांचल एक्सप्रेस से उतरते ही भागने लगा

पुलिस को हसन चिकना के बड़हरवा पहुंचने की पहले से सूचना थी। इसके बाद उत्तर दिनाजपुर पुलिस की टीम सादे कपड़ों में रेलवे स्टेशन पर तैनात हो गई। जैसे ही हसन चिकना रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस से स्टेशन पर उतरा, उसे पुलिस की मौजूदगी का अंदेशा हो गया और वह भागने लगा।

पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई इंस्पेक्टर अभिषेक साह के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने की।

5 से 7 किलो सोना बरामद होने की सूचना

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हसन चिकना के पास से करीब 5 से 7 किलो सोना बरामद होने की सूचना है। हालांकि, बरामद सोने की वास्तविक मात्रा और इससे जुड़े अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बड़हरवा जीआरपी थाने लाया गया। जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस उसे अपने साथ उत्तर दिनाजपुर ले गई।

ईटाहार थाने में दर्ज है मामला

बड़हरवा जीआरपी के अनुसार, हसन चिकना उत्तर दिनाजपुर जिले के ईटाहार थाना कांड संख्या 339/26 में पुलिस का वांछित आरोपी था। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम बड़हरवा पहुंची थी।

बड़हरवा जीआरपी के इंस्पेक्टर अभिषेक प्रसाद के मुताबिक, पश्चिम बंगाल पुलिस से सूचना मिलने के बाद जीआरपी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

बोकारो में 72 लॉकर तोड़कर चोरी का आरोप

पुलिस के अनुसार, हसन चिकना साहिबगंज के राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया मुर्गी टोला का रहने वाला है और बड़हरवा के मधुआपाड़ा में भी रहता था। उस पर बड़े बैंक लॉकर चोरी की वारदातों में शामिल होने का आरोप है।

बताया जाता है कि 25-26 दिसंबर 2017 की रात बोकारो की एसबीआई एडीएस बिल्डिंग शाखा के 72 लॉकर तोड़कर करीब 11 करोड़ रुपये नकद, 14 किलो सोना और 40 किलो चांदी चोरी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसे 2018 में मुंबई से गिरफ्तार किया था।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यूको बैंक शाखा में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में भी उसके शामिल होने की बात सामने आई थी।