नितिन नामदेव, रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ आज NSUI ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
NSUI पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय अध्यक्ष हरिओम तिवारी एवं NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार के निर्देशानुसार छात्र नेता उत्कर्ष खिलारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जर्जर भवन, आए दिन स्लैब गिरने की घटनाओं, खुले बिजली बोर्ड, गंदगी, वाटर कूलर एवं गिलासों की खराब स्थिति, खराब ग्रीन बोर्ड तथा ID कार्ड व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
NSUI ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट रूप से मांग रखी कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। जर्जर भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ-साथ महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जाए।
प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने NSUI एवं विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए एक माह के भीतर सभी छात्रहित की मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया।

NSUI ने दी आंदोलन की चेतावनी
NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि महाविद्यालय में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने एक माह के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है, तो निर्धारित समयसीमा में प्रत्येक मांग पर ठोस कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन ने एक माह में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। यदि तय समयसीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो NSUI सड़क से लेकर महाविद्यालय तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। जरूरत पड़ी तो महाविद्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।”
NSUI ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगा। एक माह के भीतर यदि जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो NSUI चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और विद्यार्थियों के हित में निर्णायक संघर्ष करेगी।
NSUI का स्पष्ट संदेश है विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता नहीं, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महासचिव सेवा साहू, रविंद्र सिंह, प्रतीक ध्रुव, लोमेश साहू, रितेश बघेल, रेमन सिन्हा, नीरज बंजारे, केशरीनंद साहू, अश्वित गुप्ता, मोहित गायकवाड़, उज्जवल बारले, सतीश, मनोज, साहिल, कुणाल, चंदन, सरगम, अर्पिता, वीरपाल, भूमिका सहित महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


