नुआपाड़ा : ओडिशा के नुआपाड़ा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। धरमबंधा थाना अंतर्गत सदर गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में कार्यरत एक 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है।

मृतक युवती की पहचान धरमबंधा पंचायत के कोडोपाली गांव निवासी ममता माझी (24) के रूप में हुई है। ममता सदर गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सहायक के पद पर सेवाएं दे रही थीं और अस्पताल परिसर में स्थित एस्बेस्टस के एक सरकारी क्वार्टर में अकेली रहती थीं।
शनिवार की सुबह जब ममता काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आईं, तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। स्थानीय लोगों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति को संदिग्ध देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत धरमबंधा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सब सन्न रह गए। ममता का शव कमरे के अंदर लोहे की रेलिंग में साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
युवती ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि ममता बीते कुछ दिनों से प्रेम संबंध को लेकर गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धरमबंधा व नुआपाड़ा पुलिस के साथ साइंटिफिक और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।


