सोनू वर्मा ,नूंह। जिले में HPV टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों और अफवाहों पर अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। तावडू की हौज वाली मस्जिद में आयोजित एक अहम बैठक में धर्मगुरुओं और अधिकारियों ने मिलकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी जितेंद्र गर्ग ने की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि अब टीकाकरण के खिलाफ फैल रही गलत जानकारियों का जवाब समाज और धर्मगुरुओं के माध्यम से दिया जाएगा, ताकि सही संदेश हर घर तक पहुंच सके।

HPV टीकाकरण को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें भ्रामक
स्वास्थ्य विभाग के SMO डॉ. निहाल सिंह सोलंकी ने स्पष्ट कहा कि HPV टीकाकरण को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं और इससे लड़कियों के स्वास्थ्य व भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रामक बातों पर ध्यान न दें।


धर्मगुरुओं मौलाना हारून और मौलाना शेर मोहम्मद ने भी मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मुद्दा धर्म का नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का है। उन्होंने टीकाकरण को समर्थन देने और अफवाहों को खारिज करने की अपील की।


नशा छोड़ने वालों के लिए मुफ्त इलाज और दवाइयों की सुविधा भी
बैठक में नशे के खिलाफ अभियान पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि तावडू के सरकारी अस्पताल में नशा छोड़ने वालों के लिए मुफ्त इलाज और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध है।प्रशासन ने साफ किया कि अब स्वास्थ्य योजनाओं और टीकाकरण को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।