नूंह। शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने के लिए जिला शिक्षा विभाग नूंह ने हर महीने प्रत्येक ब्लॉक में विशेष ‘समाधान कैंप’ आयोजित करने का फैसला किया है। इस पहल की शुरुआत 29 सितंबर को पुनहाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से होगी, जहां जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) राजेंद्र शर्मा स्वयं उपस्थित रहकर दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कर्मचारियों की फरियाद सुनेंगे। शिविर में एपीएफ, मेडिकल, एलटीसी सहित अन्य लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
29 सितंबर को पुनहाना में लगेगा पहला शिविर
जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि 29 सितंबर को पुनहाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहला विशेष समाधान कैंप लगाया जा रहा है। इसके लिए समय दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान डीईओ खुद मौजूद रहकर कर्मचारियों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराएंगे।
एपीएफ, मेडिकल और एलटीसी जैसी समस्याओं का होगा निस्तारण
डीईओ के अनुसार, इस कैंप में शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी एपीएफ, मेडिकल, एलटीसी और अन्य लंबित मामलों को लेकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रख सकते हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग दफ्तरों में भटकने से बचाना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
समाधान कैंपों के प्रभावी संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। साथ ही, जिन मामलों का निस्तारण विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत हल किया जाए। नूंह जिले के सभी ब्लॉकों में हर महीने इस तरह के कैंप आयोजित किए जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



