नूंह के गांव आटा में एक बकरी के प्लॉट में घुसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच चले लाठी-डंडों से महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए।

सोनू वर्मा, नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के अंतर्गत आने वाले गांव आटा में एक बकरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते एक भयानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो पड़ोसी पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और गुस्से के चलते जमकर लाठी-डंडे, फर्से और पत्थर चले। इस अचानक हुए हिंसक हमले में दोनों पक्षों की महिलाओं और बच्चों समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गांव में मचे इस संग्राम के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों ही पक्षों ने तुरंत स्थानीय रोजका मेव थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

    प्लॉट में बकरी घुसने और गाली-गलौज से बढ़ा विवाद

    पीड़ित आनंद पुत्र बने सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, बीती 18 मई को उनके पड़ोसी मौसम की बकरी उनके खाली प्लॉट में चली गई थी, जिसे वहां से भगा दिया गया था। इसके बाद आनंद पक्ष ने मौसम को हिदायत दी थी कि वह अपनी बकरी को इस तरह खुला न छोड़े। पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन सुबह मौसम पक्ष के लोग एक मृत पड़ी हुई बकरी को उनके घर के सामने डालकर जानबूझकर गाली-गलौज करने लगे। उस समय आनंद अपने प्लॉट पर अपने भाई जग्गी और एक अन्य दोस्त के साथ हुक्का पी रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने पूरी योजना और हममशवरा होकर अचानक उनके घर पर लाठी-डंडों व पत्थरों से धावा बोल दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आए लोग भी पिट गए। यह पूरा वाक्या वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया।

    पुलिस की कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी

    इस खूनी झड़प को लेकर पीड़ित आनंद पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर उनके खिलाफ तो तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि उनके पक्ष द्वारा दी गई शिकायत पर अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। वहीं, इस पूरे विवाद के संदर्भ में रोजका मेव थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को दोनों ही पक्षों की तरफ से शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। फिलहाल प्राथमिक जांच के आधार पर शौकीन पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।