हरियाणा के नूंह जिले के नगीना कस्बे में सोमवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। उलेटा गांव की रहने वाली 27 वर्षीय महिला समरीन अपने दो छोटे बच्चों को लेकर घर से निकली और पास स्थित एक कुएं में चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने तीनों को बाहर निकाला। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, समरीन की शादी करीब पांच साल पहले नगीना निवासी आशिक से हुई थी। सोमवार सुबह वह अपने ढाई वर्षीय बेटे अजलान और चार वर्षीय बेटी समायरा के साथ घर से निकली थी। कुछ समय बाद परिवार को घटना की जानकारी मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।

परिवार के लोग महिला को इलाज के लिए मंडीखेड़ा स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

नगीना थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अजयवीर भड़ाना ने बताया कि फिलहाल पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। घटना के पीछे क्या वजह रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। महिला की स्थिति और परिवार से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m