रायपुर। सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रायपुर में बी.एससी. नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने गंभीरता से उठाया है। विद्यार्थियों से मिली शिकायत के आधार पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पहले शुक्रवार को स्वयं कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की थी और कॉलेज प्रबंधन को इस प्रकार की अतिरिक्त वसूली बंद करने की चेतावनी दी थी। वहीं, सोमवार को उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत की और तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की।

निलेश चौहान ने बताया कि शुक्रवार को कॉलेज पहुंचने पर विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि उनसे प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक विषय के लिए 1,000 रुपये और दूसरे विषय के लिए 1,500 रुपये तक की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। विद्यार्थियों की शिकायत सुनने के बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से चर्चा की और स्पष्ट किया कि परीक्षा के नाम पर विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की राशि मांगना उचित नहीं है। उन्होंने प्रबंधन को विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन करने और विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव नहीं बनाने की चेतावनी दी थी।
इसके बाद सोमवार को निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने विश्वविद्यालय के आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 जनवरी 2026 का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही सभी संबद्ध महाविद्यालयों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय द्वारा अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने का स्पष्ट आदेश जारी किया जा चुका है, तो इसके बावजूद विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगे जाने की शिकायत गंभीर विषय है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह अपने आदेशों का पालन सभी संबद्ध महाविद्यालयों में सुनिश्चित कराए।
निलेश चौहान ने कुलपति से मांग की कि सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए। विद्यार्थियों से अब तक वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए और जांच पूरी होने तक प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार के अतिरिक्त शुल्क की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। यदि जांच में विश्वविद्यालय के आदेशों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
निलेश चौहान ने कहा कि नर्सिंग के विद्यार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा और प्रैक्टिकल के नाम पर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगना उनके साथ अन्याय है। विश्वविद्यालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद यदि इस प्रकार की वसूली की शिकायतें सामने आती हैं, तो विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। केवल आदेश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका जमीनी स्तर पर पालन भी सुनिश्चित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन को चेतावनी देने के बाद सोमवार को कुलपति के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है। जनता कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए इस मामले को लगातार उठाती रहेगी। विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराना और भविष्य में ऐसी वसूली पर पूरी तरह रोक लगवाना उनकी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि मामले में बिना देरी किए जांच शुरू कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए और विद्यार्थियों को राहत प्रदान करते हुए अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर युवा प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अभय सिंह, सत्यम डोंगरे, योगेन्द्र देवांगन, मो. नजीब, नवेद कुरैशी सहित जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

