Business Desk- Nvidia Stock hits record high : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया कॉरपोरेशन के को-फाउंडर और CEO जेन्सेन हुआंग की नेटवर्थ पहली बार 200 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। शुक्रवार को एनवीडिया के शेयर के ऑल-टाइम हाई पर पहुंचने से उनकी संपत्ति में तेज उछाल आया।

फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह हुआंग की कुल संपत्ति करीब 203.2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 19.5 लाख करोड़ रुपए हो गई। इसके साथ ही वे दुनिया के 7वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

3.4 बिलियन डॉलर एक दिन में बढ़ी संपत्ति

शुक्रवार के कारोबारी सत्र में एनवीडिया का शेयर 237 डॉलर के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया। इससे जेन्सेन हुआंग की नेटवर्थ में एक ही दिन में 3.4 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ। हालांकि, बाद में शेयर ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे आया और करीब 1.3% की तेजी के साथ 233.95 डॉलर पर बंद हुआ।

जेन्सेन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी। कंपनी में उनकी करीब 4% हिस्सेदारी है। AI में इस्तेमाल होने वाले चिप्स की बढ़ती ग्लोबल डिमांड ने एनवीडिया को दुनिया की सबसे वैल्यूएबल पब्लिकली ट्रेडेड कंपनी बना दिया है। कंपनी के शेयर में तेजी का सीधा असर हुआंग की संपत्ति पर भी पड़ा है।

दुनिया के टॉप-10 अमीरों में कौन-कहां?

फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के 3 अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति टेस्ला के इलॉन मस्क हैं। उनकी कुल संपत्ति 94.31 लाख करोड़ रुपए है। दूसरे नंबर पर अमेजन के जेफ बेजोस 35.67 लाख करोड़ रुपए और तीसरे नंबर पर गूगल के लैरी पेज 27.01 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ हैं।

डेल के माइकल डेल 26.24 लाख करोड़ रुपए के साथ चौथे और गूगल के सर्गी ब्रिन 24.90 लाख करोड़ रुपए के साथ पांचवें स्थान पर हैं। मेटा के मार्क जुकरबर्ग 23.94 लाख करोड़ रुपए के साथ छठे स्थान पर हैं। एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग 19.42 लाख करोड़ रुपए के साथ सातवें स्थान पर हैं।

इसके बाद ओरेकल के लैरी एलिसन 17.69 लाख करोड़ रुपए के साथ आठवें, माइक्रोसॉफ्ट के स्टीव बाल्मर 15.38 लाख करोड़ रुपए के साथ नौवें और बर्कशायर हैथवे के वॉरेन बफेट 13.74 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ दसवें स्थान पर हैं।

Nvidia Stock क्यों बढ़ रहा है?

एनवीडिया के शेयर में तेजी के पीछे AI से जुड़ी बढ़ती मांग और कंपनी के बड़े शेयर बायबैक प्लान को अहम वजह माना जा रहा है।

हाल के हफ्तों में यह उम्मीद बढ़ी है कि Meta Platforms Inc. का ‘म्यूज’ जैसे AI एजेंट्स सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड चिप्स की मांग को और बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा एनवीडिया ने अपने शेयर बायबैक प्लान का साइज रिकॉर्ड 150 बिलियन डॉलर बढ़ाने का ऐलान किया है। इस फैसले से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

Market Cap 5.7 ट्रिलियन डॉलर के पार

इस साल अब तक एनवीडिया के शेयर में करीब 27% की तेजी आ चुकी है। कंपनी लगातार चौथे साल डबल डिजिट रिटर्न देने की राह पर है। इसके साथ ही एनवीडिया का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 5.7 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है।

कंपनी अब इतिहास में पहली बार 6 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप हासिल करने वाली दुनिया की पहली कंपनी बनने से करीब 300 बिलियन डॉलर दूर है।

AI Security को लेकर भी नया सिस्टम

AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर कंपनियों के भारी खर्च और इस तकनीक से मानवता को होने वाले संभावित खतरों को लेकर हाल के महीनों में निवेशकों के बीच अनिश्चितता रही है। इन चिंताओं के बीच सांता क्लारा, कैलिफोर्निया स्थित एनवीडिया ने सोमवार को नया ‘डबल-लेयर्ड AI सिक्योरिटी सिस्टम’ पेश किया।

कंपनी के मुताबिक, यह सिस्टम AI एजेंट्स को भटकने से रोकने के लिए बनाया गया है। एनवीडिया का दावा है कि अगर यह सिस्टम पहले मौजूद होता तो OpenAI के मॉडल्स की हालिया सेंधमारी को रोका जा सकता था।

Wall Street पर चिप्स की वैल्यू को लेकर बहस

दूसरी तरफ, एनवीडिया के फाइनेंसिंग प्लान को लेकर अमेरिकी बाजार यानी वॉल स्ट्रीट पर एनालिस्ट और लेंडर्स के बीच बहस चल रही है। बैंकिंग सूत्रों और क्रेडिट मैनेजर्स के मुताबिक, कुछ लेंडर्स कंपनी के एडवांस्ड चिप्स और इंफ्रास्ट्रक्चर की वैल्यू पर ज्यादा गारंटी चाहते हैं। वे यह आकलन कर रहे हैं कि इन चिप्स से आने वाला रेवेन्यू कितने लंबे समय तक बना रह सकता है।

Share Buyback क्या होता है?

जब कोई कंपनी बाजार से अपने ही शेयर वापस खरीदती है, तो इसे शेयर बायबैक कहा जाता है। इससे बाजार में उपलब्ध शेयरों की संख्या घट सकती है और प्रति शेयर आय यानी Earnings Per Share (EPS) बढ़ सकती है। इससे शेयर की कीमत को भी सपोर्ट मिल सकता है।