देवेंद्र सिंह चौहान, औबेदुल्लागंज/रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ शासकीय भूमि की फर्जी रजिस्ट्री और खरीद-फरोख्त के मामले में प्रशासन की सुस्त कार्यशैली के खिलाफ अब अपनी ही पार्टी (बीजेपी) के नेता ने मोर्चा खोल दिया है। कार्रवाई की मांग को लेकर बीजेपी नेता वचन सिंह लोधी पिछले चार दिनों से शहर के मुख्य अंबेडकर चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, औबेदुल्लागंज नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-4 के अंतर्गत सार्वजनिक उपयोग और पार्क के लिए आरक्षित करीब 2.5 एकड़ बेशकीमती शासकीय भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे और मिलीभगत के जरिए खरीद-फरोख्त (क्रय-विक्रय) किए जाने का गंभीर मामला सामने आया था।
इस बड़े फर्जीवाड़े को सामने आए 2 महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय प्रशासन की इस ढिलाई और निष्क्रियता को लेकर जनता और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
धरने पर बैठे बीजेपी नेता वचन सिंह लोधी का कहना है कि बेशकीमती सरकारी जमीन पर इस तरह फर्जीवाड़ा होना और उसके बाद भी जिम्मेदारों पर शिकंजा न कसा जाना अपने आप में कई बड़े सवाल खड़े करता है। जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

