गढ़वा। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक 19 वर्षीय युवती के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। गढ़वा-नगर ऊंटारी रेलखंड के जोबरईया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाते समय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल युवती की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार निवासी पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दोस्तों के साथ ट्रैक पर पहुंची थी युवती

जानकारी के मुताबिक, पूर्णिमा मंगलवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरईया रेलवे लाइन के पास गई थी। सभी वहां मोबाइल से रील बनाने में व्यस्त थे। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही रांची-चोपन एक्सप्रेस को देखकर भी युवती समय रहते ट्रैक से नहीं हट सकी और ट्रेन की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

ट्रेन की चपेट में आने से पूर्णिमा के दोनों हाथ कटकर अलग हो गए। उसके शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही साथ मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने हायर सेंटर किया रेफर

गढ़वा सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने युवती को प्राथमिक उपचार दिया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

व्यूज और लाइक्स की चाहत बनी जानलेवा

यह हादसा सोशल मीडिया पर रील बनाने के बढ़ते खतरनाक ट्रेंड पर सवाल खड़े करता है। रेलवे ट्रैक जैसी प्रतिबंधित और जोखिम वाली जगहों पर वीडियो बनाने की कोशिश कई बार जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। कुछ सेकंड की रील के लिए उठाया गया जोखिम जिंदगीभर का दर्द दे सकता है।