हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर के RE-2 (Ring Road Extension-2) मार्ग पर पिछले तीन साल से अटकी सड़क की कनेक्टिविटी को पूरा करने की कवायद आखिरकार तेज हो गई है। प्रशासन और नगर निगम द्वारा बंगाली से पिपलियाना के बीच सड़क निर्माण में बाधा बन रहे 300 से अधिक मकानों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई आज शुरू कर दी गई है।

किन इलाकों में हो रही है कार्रवाई?

बंगाली चौराहे से पिपलियाना के बीच के करीब एक किलोमीटर के हिस्से को पूरी तरह से बाधा मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई की जद में मुख्य रूप से तीन बस्तियां और क्षेत्र आ रहे हैं। पिपलियाना-शेरकांकड़: इस क्षेत्र में 70 से ज्यादा मकान प्रभावित हुए हैं। शिवनगर: यहां लगभग 115 मकानों को चिन्हित किया गया है। शिव दर्शन नगर: इस इलाके के 72 आवासों पर कार्रवाई की जा रही है। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 300 परिवारों के मकान और अन्य निर्माणों को हटाया जा रहा है।

भारी पुलिस बल और प्रशासन मौके पर मौजूद

कार्रवाई के दौरान किसी भी संभावित विरोध या तनाव से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल, जिला प्रशासन और नगर निगम का पूरा अमला तैनात किया गया है। अधिकारियों की देखरेख में बुलडोजर चलाकर बाधक निर्माणों को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का कहना है कि इन बाधाओं के हटते ही इस मार्ग पर तुरंत सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। पिछले तीन साल से अटके RE-2 के इस महत्वपूर्ण हिस्से की कनेक्टिविटी जल्द ही पूरी होने से शहरवासियों को भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m