पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पट्टी में सैन्य कार्रवाई को और तेज करने का संकेत दिया है। नेतन्याहू ने इजरायली सेना को गाजा के 70 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण स्थापित करने का निर्देश दिया है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत चल रही है।
वेस्ट बैंक में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान नेतन्याहू ने कहा,“हम लगातार हमास पर दबाव बढ़ा रहे हैं। पहले हमारे नियंत्रण में 50 प्रतिशत इलाका था, अब यह बढ़कर 60 प्रतिशत हो चुका है। मेरा लक्ष्य इसे 70 प्रतिशत तक ले जाना है।” सम्मेलन में मौजूद एक व्यक्ति ने जब पूरे गाजा पर कब्जा करने की बात कही तो नेतन्याहू ने जवाब दिया,“हम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे। शुरुआत 70 प्रतिशत से होगी।”
गाजा के बड़े हिस्से पर पहले से इजरायल का नियंत्रण
युद्धविराम के बावजूद इजरायल फिलहाल गाजा के आधे से ज्यादा हिस्से पर नियंत्रण बनाए हुए है, जबकि हमास सीमित तटीय क्षेत्रों में सक्रिय है। दोनों पक्षों के बीच अगले चरण की वार्ता जारी है, जिसमें हमास के हथियार छोड़ने और इजरायली सेना की वापसी जैसे मुद्दे शामिल हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद भी इजरायली हमलों में करीब 900 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
हमास ने लगाया समझौता तोड़ने का आरोप
हमास ने आरोप लगाया है कि इजरायल “येलो लाइन” नामक सैन्य सीमा को लगातार गाजा के अंदर तक बढ़ा रहा है, जो युद्धविराम समझौते का खुला उल्लंघन है। संगठन ने चेतावनी दी कि सैन्य नियंत्रण बढ़ाने की यह रणनीति शांति की बची-खुची उम्मीदों को भी खत्म कर सकती है।
तबाही के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई
लगातार हवाई हमलों और जमीनी लड़ाई के कारण गाजा का बड़ा हिस्सा पहले ही खंडहर में बदल चुका है। इसके बावजूद इजरायल का कहना है कि हमास को कमजोर करने और भविष्य के हमलों को रोकने के लिए सैन्य दबाव बनाए रखना जरूरी है। इस नए आदेश के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

