Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी मंगलवार (22 सितंबर) से शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को विधानसभा परिसर में अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को सुचारू, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाना था।

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी द्वारा बुलाई गई इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव, कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, सरकारी दल के मुख्य सचेतक सरोज प्रधान, मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक, उप-मुख्य सचेतक प्रताप केशरी देव और कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र काडम मुख्य रूप से शामिल हुए।

बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सभी दलों के नेताओं से सदन के संचालन में सहयोग की अपील की। सरकार ने स्पष्ट किया कि मानसून सत्र के दौरान कुल 6 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे। भले ही सरकार ने सदन को सुचारू रूप से चलाने का आह्वान किया हो, लेकिन विपक्षी दल बीजेडी और कांग्रेस ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की पूरी रणनीति बना ली है

बीजू जनता दल ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम यानी MMDR Act के मुद्दे पर सदन में विस्तृत चर्चा कराने की पुरजोर मांग की है। इसके साथ ही दल ने धन्यवाद प्रस्ताव लाकर उस पर चर्चा कराने का भी प्रस्ताव रखा है। कांग्रेस पार्टी ने घोषणा की है कि वह सत्र के दौरान MMDR संशोधन कानून और पाठ्यपुस्तकों में हुई गंभीर त्रुटियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

विपक्ष के तेवरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि सरकार नियम के तहत विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले सभी जनहित के विषयों और प्रश्नों पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मानसून सत्र 22 सितंबर से शुरू होकर 3 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें हंगामेदार चर्चाओं के आसार हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H