Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के राज्यपाल और विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने शनिवार को राज्य के सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के कुलपतियों (वीसी) को खाली पड़े शैक्षणिक पदों (टीचिंग फैकल्टी) पर भर्ती की प्रक्रिया नवंबर के पहले सप्ताह तक शुरू करने और महीने के अंत तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

राज्यपाल लोक भवन परिसर स्थित न्यू अभिषेक हॉल के सम्मेलन कक्ष में राज्य के सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में चल रही शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव अरविंद अग्रवाल, विभिन्न सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव (रजिस्ट्रार) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के बाद अब खाली पड़े शैक्षणिक पदों को भरना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने याद दिलाया कि पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने एक ही दिन में 14 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति की थी। अब शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को भी एक निश्चित समय सीमा (टाइमलाइन) के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि फैकल्टी की नियुक्ति में योग्यता (मेरिट) को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने सुझाव दिया कि शुरुआती स्तर पर अत्यधिक छंटनी (शॉर्टलिस्टिंग) करने के बजाय सभी पात्र आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए। इससे किसी भी योग्य उम्मीदवार को वंचित महसूस नहीं होगा और चयन समिति के पास सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों को चुनने का बड़ा अवसर रहेगा।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने उच्च शिक्षा में सुधार और कैंपस के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए:

राज्यपाल ने सभी सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के लिए एक समान कार्यकाल लागू करने का सुझाव दिया। वर्तमान में कुछ विश्वविद्यालयों में कुलपति का कार्यकाल 3 वर्ष है, तो कुछ में 4 वर्ष। इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) से ओडिशा लोक भवन को मिले प्लेटिनम सर्टिफिकेशन का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालयों को भी ‘ग्रीन सर्टिफिकेशन’ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने परिसरों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अपनी पहल या ‘रेशको’ (RESCO) मॉडल के तहत सोलर पावर अपनाने का आह्वान किया।

उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने राज्यपाल के निर्देशों का समर्थन किया और कुलपतियों को समयबद्ध तरीके से भर्ती पूरी करने को कहा। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव अरविंद अग्रवाल ने वर्तमान फैकल्टी भर्ती की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H