Odisha Desk भुवनेश्वर: ओडिशा में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों और संकाय सदस्यों के कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, रोजगार क्षमता और उद्यमिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को उच्च शिक्षा विभाग ने कई महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। विभाग ने CSRBOX, नंदी फाउंडेशन और ओडिशा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (OKCL) के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

‘सभी के लिए AI पाठ्यक्रम’ कार्यक्रम का शुभारंभ

इसके अलावा, NASSCOM के सहयोग से ‘सभी के लिए AI पाठ्यक्रम’ (AI Course for All) कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया, जो 1 लाख से अधिक छात्रों और कार्यरत शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से AI कौशल हासिल करने का अवसर प्रदान करेगा।

IBM-CSRBOX के साथ हुए समझौते के तहत राज्यभर के 1.25 लाख से अधिक छात्रों को कौशल विकास कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके तहत आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के छात्रों को AI, डिजिटल साक्षरता, एंटरप्राइज डिजाइन थिंकिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में ऑनलाइन कोर्स और वर्कशॉप के जरिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें राज्य के दूरदराज और आकांक्षी जिलों के 107 उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों और शिक्षकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नंदी फाउंडेशन के साथ हुए समझौते के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्राओं को वित्तीय साक्षरता, क्रिटिकल थिंकिंग और पब्लिक स्पीकिंग का ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, OKCL के साथ हुए समझौते के तहत छात्रों को 30 घंटे का अंग्रेजी भाषा और 10 घंटे का AI डिजिटल प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि शिक्षकों को 5 घंटे का AI ओरिएंटेशन दिया जाएगा।

उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए ईडीआईआई (EDII) अहमदाबाद के साथ साझेदारी की गई है, जिसके तहत 40 संकाय सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही, एनईपी 2020 के अनुरूप एक ‘क्वेश्चन बैंक पोर्टल’ और संस्थानों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए 52 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPIs) पर आधारित ‘अकादमिक प्रदर्शन ऑडिट’ की भी शुरुआत की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m