भुवनेश्वर: ओड़िशा सरकार ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने 22 बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए कुल 110 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि मंजूर की है। यह पूरी राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

विशेष रूप से बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में बाढ़ से व्यापक तबाही हुई है, जिसके चलते इन तीनों जिलों को सबसे अधिक सहायता राशि प्रदान की गई है। बालेश्वर जिले के लिए सर्वाधिक 22.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि जाजपुर को 20.20 करोड़ रुपये और भद्रक जिले को 20.12 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

अन्य प्रभावित जिलों में जगतसिंहपुर को 8.18 करोड़ रुपये, केंदुझर को 6.11 करोड़ रुपये, संबलपुर को 5.56 करोड़ रुपये, केंद्रपाड़ा को 5.04 करोड़ रुपये और मयूरभंज को 5.02 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त खोर्धा, सुवर्णपुर, बौद्ध, बलांगीर, ढेंकनाल, बरगढ़, कालाहांडी, नुआपाड़ा, कंधमाल, कटक, कोरापुट, मलकानगिरी, रायगड़ा और सुंदरगढ़ जिलों को भी बाढ़ राहत मद में बजट आवंटित किया गया है।

गौरतलब है कि इस साल मानसून के दौरान सामान्य से लगभग 65 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिसके कारण कई प्रमुख नदियों का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है और निचले इलाकों से पानी की पूरी तरह निकासी नहीं हो सकी है।

राज्य के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने स्थिति की समीक्षा करते हुए राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि कल शाम 5 बजे तक नुकसान की अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जिला स्तर से जमीनी स्तर का विवरण जुटाने के लिए विशेष अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। मंत्री ने कहा कि तटबंधों की मरम्मत और नदी बांधों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और अंतिम रिपोर्ट मिलते ही पुनर्निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।