Odisha News : मालकानगिरी: ओडिशा के मालकानगिरी वन विभाग को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है. सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए वन अधिकारियों ने बीती देर रात छापेमारी कर लगभग 2 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल्स जब्त किए और इस अवैध व्यापार में शामिल छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

मलकानगिरी के डीएफओ (DFO) किरण ने बताया कि विभाग को जिले में पैंगोलिन स्केल्स की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. मलकानगिरी रेंज और माथिली रेंज के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. इस टीम ने मलकानगिरी रेंज के अंतर्गत पद्मगिरि-पांड्रिपानी मार्ग पर नाकेबंदी कर छापेमारी की.

बरामदगी: ऑपरेशन के दौरान टीम ने 352 पैंगोलिन स्केल्स (वजन लगभग 2 किग्रा) जब्त किए.

वाहन जब्त: तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों को भी वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है.

गिरफ्तारी: मौके से सभी 6 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

कड़ी कानूनी कार्रवाई और जांच जारी

डीएफओ ने स्पष्ट किया कि पैंगोलिन वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (2022 में संशोधित) के तहत अनुसूची-I (Schedule-I) में शामिल एक संरक्षित प्रजाति है. इसका शिकार करना, इसके अंगों को रखना या इनका व्यापार करना एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है.

तस्करों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि पैंगोलिन स्केल्स कहां से लाए गए थे और इस अवैध वन्यजीव नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं. मलकानगिरी वन विभाग ने दोहराया है कि जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H