भुवनेश्वर: स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में सामने आई त्रुटियों को लेकर उठे विवाद के बीच ओडिशा सरकार ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग ने बुधवार को आश्वासन दिया कि सभी गलतियों को सुधारकर पाठ्यपुस्तकों के संशोधित और त्रुटिरहित संस्करण जल्द ही छात्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रेस को संबोधित करते हुए स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग के सचिव एन. तिरुमला नायक ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पाठ्यपुस्तकों में मौजूद त्रुटियों को जल्द से जल्द ठीक करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि विषय विशेषज्ञों और शिक्षाविदों की एक टीम वर्तमान में पुस्तकों में मौजूद सभी त्रुटियों की समीक्षा कर रही है। संशोधन कार्य पूरा होने के बाद नई और संशोधित पुस्तकों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, ताकि छात्र और शिक्षक आसानी से सही संस्करण डाउनलोड और उपयोग कर सकें।

शिक्षा सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी इस पूरे मामले पर गंभीर चिंता जताई है और अधिकारियों को शिक्षा सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुस्तकों की समीक्षा और जांच प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि संशोधित पुस्तकें आधिकारिक रूप से जारी होने तक किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और फिलहाल मौजूदा पाठ्यपुस्तकों का ही उपयोग करते रहें। सचिव ने बताया कि विभाग दिन-रात कार्य कर रहा है ताकि संशोधन प्रक्रिया जल्द पूरी कर संशोधित और त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें विद्यार्थियों को शीघ्र उपलब्ध कराई जा सकें।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H