Odisha News : भुवनेश्वर : केंद्र सरकार के E20 (इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल) ईंधन के खिलाफ ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) ने राज्य भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त किए जाने के बाद, ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस ई-20 ईंधन से आम जनता को हो रहे नुकसान के खिलाफ सड़क पर उतरेगी.
ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि E20 ईंधन का इस्तेमाल लोगों के वाहनों के इंजनों को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है. इससे उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से E20 के मुद्दे को उठाया है. यह एक बेहद गंभीर विषय है क्योंकि यह सीधे तौर पर लोगों की जेब से पैसे निकालने जैसा है. आज की युवा पीढ़ी अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए कर्ज ले रही है. ऐसे में वाहनों के जल्दी खराब होने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. इस नीति का व्यापार और आम जनजीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है.”
भक्त चरण दास ने स्पष्ट किया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार ओडिशा में इस मुद्दे को लेकर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यह योजना राष्ट्र और जनता को भारी नुकसान पहुंचाने वाली है. हमारी पार्टी इस पर गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही ओडिशा भर में इसके खिलाफ उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे.”
ओडिशा कांग्रेस का यह बयान राहुल गांधी की उस टिप्पणी के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने एक्स (X) पर एक वीडियो साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था. राहुल गांधी ने सरकार पर जनता की जेब पर सीधे डाका डालने का आरोप लगाते हुए कहा था, “E20 का मुद्दा बहुत गंभीर मामला है. अक्सर हम कहते हैं कि दाल में कुछ काला है, लेकिन यहां तो पूरी दाल ही काली है.”
क्या है E20 ईंधन कार्यक्रम?
E20 कार्यक्रम का अर्थ है पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल का मिश्रण करना. केंद्र सरकार आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने और देश में उत्पादित ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम को तेजी से लागू कर रही है. हालांकि, कांग्रेस का आरोप है कि पुराने और मौजूदा वाहनों के इंजन इस उच्च इथेनॉल मिश्रण के अनुकूल नहीं हैं, जिससे इंजनों की लाइफ कम हो रही है और आम लोगों को आर्थिक चपत लग रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


