Odisha News : गोलंथरा: ओडिशा के गोलंथरा में छात्रा की संधिग्त मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बीसीए फाइनल ईयर की छात्रा संदिग्ध हालात में मृत पाई गई. इस घटना ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है. पीड़ित परिवार ने सीधे तौर पर राज्य के खनन मंत्री विभूति जेना के भतीजे विश्वजीत पर हत्या का संगीन आरोप लगाया है.

मृतक लड़की की बहन ने जो बातें बताई हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाली हैं. उनका कहना है कि आरोपी विश्वजीत उनकी बहन पर काफी समय से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था. घटना की रात भी उसने लड़की को बाहर बुलाने की कोशिश की, और जब लड़की ने मना कर दिया, तो उसके साथ फोन पर गाली-गलौज की गई. परिवार का आरोप है कि देर रात लड़की की गला दबाकर हत्या की गई और मामले को दबाने के लिए शव को हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका दिया गया, ताकि यह आत्महत्या लगे. इतना ही नहीं, सबूत मिटाने की कोशिशें भी की गईं. लड़की के मामा ने बताया कि परिवार के मौके पर पहुँचने से पहले ही मंत्री के भतीजे ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर शव को अस्पताल भिजवा दिया था, जिससे उनका शक और गहरा होते गया.

चूंकि मामला सीधे सरकार के एक मंत्री के परिवार से जुड़ा है, इसलिए स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि पुलिस दबाव में आकर चुप बैठी है.

ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ठान लिया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर अगले 24 घंटों के भीतर आरोपी विश्वजीत को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे एसपी दफ्तर का घेराव करेंगे और एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे. फिलहाल, इस पूरे मामले पर मंत्री विभूति जेना की तरफ से कोई बयान नहीं आया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H