Odisha Police Transfer: भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के गृह विभाग ने शनिवार को राज्य के पुलिस प्रशासन में एक बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा और ओडिशा पुलिस सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है। इस फेरबदल के तहत जेल महानिदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
गृह विभाग के अनुसार, यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के शीर्ष पुलिस कैडर में निम्नलिखित बदलाव किए गए हैं-
सुशांत कुमार नाथ: 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी तथा जेल एवं सुधार सेवा महानिदेशक सुशांत कुमार नाथ का तबादला गृह विभाग में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर किया गया है।
डॉ. संतोष बाला: 1995 बैच की आईपीएस अधिकारी तथा राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL), भुवनेश्वर की निदेशक डॉ. संतोष बाला को अतिरिक्त महानिदेशक (जेल) और निदेशक (सुधार सेवा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अमिताभ ठाकुर: 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ओडिशा के परिवहन आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।
राजेश कुमार: 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी तथा अतिरिक्त महानिदेशक (SAP) राजेश कुमार को गृह विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे अधिकारियों और युवा कैडर को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं-
सारा शर्मा: 2010 बैच की आईपीएस अधिकारी सारा शर्मा को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापसी के बाद डीआईजी (विजिलेंस) के पद पर नियुक्त किया गया है।
गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र: 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी एवं झारसुगुड़ा के निवर्तमान एसपी गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र को एआईजी (राज्य पुलिस मुख्यालय, कटक) के रूप में पदस्थ किया गया है।
सोनाली सिंह परमार: 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी तथा खोर्धा की अतिरिक्त एसपी सोनाली सिंह परमार को झारसुगुड़ा जिले का नया एसपी बनाया गया है।
अमृतपाल सिंह: 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी तथा नुआपाड़ा के एसपी अमृतपाल सिंह को राज्य पुलिस मुख्यालय में एसपी के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
तपन नारायण रथ: ओडिशा पुलिस सेवा (OPS) अधिकारी तथा कटक पुलिस मुख्यालय में एआईजी तपन नारायण रथ को नुआपाड़ा जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

