रायरंगपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पैतृक क्षेत्र रायरंगपुर-बादामपहाड़ में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग तेज हो गई है। पूर्व बहलदा विधायक एवं अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक प्रह्लाद पूर्ति ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपकर रायरंगपुर-बादामपहाड़ से नई दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस शुरू करने की मांग की है।
ज्ञापन रायरंगपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर सुरेश सोरेन के माध्यम से सौंपा गया। इसके साथ ही बादामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन को पूरे वर्ष प्रतिदिन नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाने की मांग भी की गई है।
दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा की मांग
प्रह्लाद पूर्ति ने कहा कि रायरंगपुर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पैतृक क्षेत्र से जुड़ा इलाका है, इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों को नई दिल्ली के लिए बेहतर सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रायरंगपुर-बादामपहाड़ से राजधानी एक्सप्रेस शुरू होने से मयूरभंज सहित आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा होगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और प्रशासनिक कार्यों के लिए यात्रा आसान हो सकती है।
बादामपहाड़-पुरी ट्रेन को रोज चलाने की मांग
ज्ञापन में बादामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन को पूरे वर्ष प्रतिदिन नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने की मांग भी की गई है। इससे रायरंगपुर और बादामपहाड़ क्षेत्र के यात्रियों को भुवनेश्वर और पुरी के लिए नियमित रेल सेवा मिल सकेगी।
इस सुविधा का लाभ विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों को मिलने की उम्मीद जताई गई है।



