भुवनेश्वर: ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (OUSSSC) के अध्यक्ष रश्मि रंजन स्वाई ने एसआई भर्ती को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के चलते रद्द की गई सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा की पूरी प्रक्रिया अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रश्मि रंजन स्वाई ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक की वजह से जो अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र उम्मीदवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस बीच जिन अभ्यर्थियों की आयु निर्धारित सीमा से अधिक हो गई है, उन्हें भी भर्ती परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। यानी आयु सीमा पार कर चुके उम्मीदवारों की पात्रता इस भर्ती प्रक्रिया के लिए बरकरार रहेगी।

OUSSSC अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए पात्र अभ्यर्थियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस भी पहले की तरह ही रहेगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की पुनरावृत्ति न हो और परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

