कटक। बारबाटी स्टेडियम में खेले गए ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में केंदुझर माइनर्स ने कटक पैंथर्स को 26 रनों से शिकस्त दी। तेज गेंदबाज वागीश शर्मा के शानदार चार विकेटों के स्पेल और राजेश धुपड़ व सुजल सिंह के उपयोगी योगदान के दम पर के्योंझर ने इस मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केंदुझर माइनर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने जल्द ही पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज राजेश धुपड़ (40 गेंदों में 58 रन) और कप्तान शुभ्रांशु सेनापति (21 गेंदों में 36 रन) ने पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।

मध्य ओवरों में कटक पैंथर्स के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। हालांकि, सुजल सिंह की 30 गेंदों में नाबाद 42 रनों की आक्रामक पारी के बदौलत केंदुझर माइनर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कटक पैंथर्स की ओर से अनुभवी ऑलराउंडर बिप्लब सामंतराय सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 26 रन देकर 1 विकेट लिया।
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटक पैंथर्स की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने 48 रनों पर ही अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए। इसके बाद बिप्लब सामंतराय और कार्तिक बिस्वाल ने चौथे विकेट के लिए 29 रन जोड़कर स्थिति संभालने की कोशिश की। हालांकि, रन गति बढ़ाने के प्रयास में कार्तिक बिस्वाल (13 गेंदों में 22 रन) अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बाद तेज गेंदबाज वागीश शर्मा ने अपनी सटीक गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह के्योंझर के पक्ष में मोड़ दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण समय पर साझेदारी तोड़ते हुए 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए। कटक का निचला क्रम आवश्यक रन रेट का दबाव नहीं झेल सका और पूरी टीम अंतिम ओवर में 161 रनों पर ऑलआउट हो गई।
मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए वागीश शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के बाद उन्होंने कहा, “टीम की जीत में योगदान देकर बहुत खुशी हो रही है। अहम मोकों पर विकेट लेने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है और मुझे खुशी है कि मेरे प्रयास से के्योंझर को जीत मिली।”
इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में राउरकेला सुपरस्टार्स और भुवनेश्वर टाइगर्स के बीच खेला जाने वाला मैच लगातार बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


