भुवनेश्वर: ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets-DA) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए संबलपुर के बुर्ला स्थित वीर सुरेंद्र साई आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (VIMSAR) के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान VIMSAR के स्थापना अधिकारी-सह-कार्यालय अधीक्षक धनुर्धर बिस्वाल और अधीक्षक कार्यालय के स्टुअर्ड अश्विनी मेहर के रूप में हुई है। विजिलेंस विभाग दोनों आरोपियों को संबलपुर स्थित विशेष विजिलेंस अदालत में पेश करेगा।

विजिलेंस की टीम ने इससे पहले दोनों अधिकारियों से जुड़ी विभिन्न संपत्तियों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान धनुर्धर बिस्वाल के पास आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले। उनके पास दो मकान (जिनमें 1,700 वर्गफुट का एक बहुमंजिला भवन), 32 उच्च मूल्य के प्लॉट, 19.72 लाख रुपये नकद, 83.05 ग्राम सोना, 39 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा, दो ट्रक, दो ट्रैक्टर और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया।
इसी तरह अश्विनी मेहर के पास भी आय से अधिक संपत्ति पाई गई। उनके नाम पर तीन मकान (जिनमें 8,145 वर्गफुट का एक बहुमंजिला भवन), एक स्टोर रूम, 83 ग्राम सोना और 10 उच्च मूल्य के प्लॉट मिले हैं। विजिलेंस विभाग के अनुसार, दोनों अधिकारी अपनी संपत्तियों के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

