अनुगुल: जहां बारिश का मौसम शहरों में गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं अनुगुल जिले के सातकोशिया अभयारण्य क्षेत्र के कुछ गांवों के लिए यह अनगिनत दुखों और परेशानियों का सबब बन जाता है। यहां ग्रामीणों और मासूम बच्चों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उफनते पानी के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। कहीं मां अपने बच्चे को कंधे पर बैठाकर नाला पार करा रही है, तो कहीं लोग सिर पर चावल का बोरा रखकर गहरे पानी में उतरने को मजबूर हैं।
ऐसी ही एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है सातकोशिया अभयारण्य के अंतर्गत टिकरपाड़ा पंचायत के करड़ापाड़ा गांव के गुहिरापाड़ा से। यहां लगभग 40 आदिवासी परिवार निवास करते हैं। गांव तक पहुंचने के लिए जलेश्वर उपनदी के ‘कुसुम घाट’ को पार करना पड़ता है।
मानसून के दौरान लगभग 6 महीने तक इस घाट पर 3 से 4 फीट तक पानी बहता है। तेज बहाव के साथ-साथ नदी में मगरमच्छों का डर बना रहता है, जिसके बीच ग्रामीणों को पानी में उतरकर रास्ता तय करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल जाना हो या मरीजों को अस्पताल ले जाना, हर छोटे-बड़े काम के लिए यह खतरनाक रास्ता ही एकमात्र सहारा है। बारिश के दिनों में सरकारी डिपो से राशन (चावल) लाना भी बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

इस नाले का तेज बहाव अतीत में कई जिंदगियां छीन चुका है। दो साल पहले विद्याधर नायक नाम के ग्रामीण की बाढ़ के पानी में बहने से मौत हो गई थी। इसके अलावा एक छात्र की भी इस नाले में डूबने से जान जा चुकी है। हाल ही में स्कूल से घर लौट रहे 3 बच्चे पानी के तेज बहाव में बहने लगे थे, जिन्हें ग्रामीणों की तत्परता और सतर्कता से समय रहते सकुशल बचा लिया गया।
प्रशासन से पुल निर्माण की गुहार
ग्रामीणों की कृषि भूमि और बागीचे करड़ापाड़ा की तरफ स्थित होने के कारण रोजमर्रा के जीवन में इस नाले को पार करना उनकी मजबूरी बन चुका है। ग्रामीण लंबे समय से यहाँ एक पक्के और सुरक्षित पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं। हालांकि, बार-बार की गुहार के बावजूद प्रशासन या सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बारिश शुरू होते ही यहां की जिंदगी जैसे थम सी जाती है। अब सवाल यह उठता है कि प्रशासन की नींद टूटने के लिए और कितनी जिंदगियों को खतरे में पड़ना होगा? गुहिरापाड़ा के निवासियों की एकमात्र मांग है कि उनकी जान की सुरक्षा के लिए यहाँ जल्द से जल्द एक सुरक्षित पुल का निर्माण कराया जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


