ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओडिशा की महिला किसानों और कृषि-व्यवसाय के क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक सफलता सामने आई है। ओडिशा के मयूरभंज जिले की एक महिला किसान उत्पादक संगठन ने सात समंदर पार सुदूर लंदन में 9.5 क्विंटल प्रीमियम क्वालिटी के ‘आम्रपाली’ आम का निर्यात किया है। ग्रामीण महिला उत्पादकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की राज्य सरकार की मुहिम में इसे एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
मयूरभंज के जशीपुर-करंजिया क्षेत्र में काम करने वाले “स्वयं संपूर्ण FPO” के जरिए आमों की यह खेप लंदन भेजी गई है। इस संगठन को एपीसी कार्यक्रम के तहत बढ़ावा दिया गया था, जिसे राज्य के ‘मिशन शक्ति’ विभाग का पूरा सहयोग मिल रहा है। इस सफल निर्यात से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ओडिशा के बागवानी उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ेगी और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर FPO की महिला सदस्यों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक गौरव का क्षण बताया।
“मयूरभंज के बगीचों से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक… ओडिशा की महिला उद्यमी नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। एपीसी कार्यक्रम के तहत ‘स्वयं संपूर्ण FPO’ द्वारा लंदन को प्रीमियम आम्रपाली आम का निर्यात किया जाना हमारी महिला समूहों की ताकत, मूल्य वर्धित कृषि और बढ़ते वैश्विक बाजार संपर्कों का एक जीता-जागता प्रमाण है। हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने, ग्रामीण आजीविका को बेहतर करने और ओडिशा के उत्पादों को पूरी दुनिया में पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

