राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के बैतूल के कोसमी रेलवे फाटक के पास सोमवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टिकारी निवासी अनंत बोरखड़े के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का सामने आया है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

इंस्टाग्राम पर मौत से पहले साझा किए स्टेटस

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौत से पहले साझा किए गए दो स्टेटस मिले हैं। एक स्टेटस में उसने कथित तौर पर लिखा था, “ओके गुड बाय दोस्तों”, जबकि दूसरे में “अगले जन्म मिलेंगे” जैसे संदेश साझा किए गए थे। इन पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने ये संदेश किन परिस्थितियों में लिखे थे।

मैकेनिक का काम भी करता था मृतक

परिजनों के अनुसार अनंत दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि बड़ा भाई नाई का काम करता है। अनंत कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ टाइल्स लगाने और मैकेनिक का काम भी करता था। परिवार का कहना है कि वह मेहनती था। उन्होंने यह भी बताया कि उसे शराब पीने की आदत थी, लेकिन परिवार को किसी मानसिक या आर्थिक परेशानी की जानकारी नहीं थी।

मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी

जानकारी के अनुसार, युवक पहले भी कई बार आत्महत्या से जुड़े स्टेटस सोशल मीडिया पर साझा कर चुका था। घटना वाली रात वह घर से बाइक लेकर निकला था। सुबह उसकी बाइक रेलवे ट्रैक के पास खड़ी मिली, जबकि कुछ दूरी पर उसका शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m