OLX पर घर किराये पर देने के नाम पर साइबर अपराधी फर्जी आईडी दिखाकर लोगों को ठग रहे हैं। पुलिस ने एडवांस पेमेंट और यूपीआई पिन साझा न करने की सलाह दी है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने OLX पर घर, दुकान या ऑफिस किराये पर देने वालों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक साइबर ठग किराये के विज्ञापन देखकर खुद को सेना या बैंक अधिकारी बताकर संपर्क करते हैं और फर्जी आईडी व दस्तावेज़ भेजकर भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं।
हरियाणा पुलिस ने बताया कि ठग “एडवांस पेमेंट” के नाम पर QR कोड, बैंक डिटेल्स, OTP या UPI PIN मांगकर धोखाधड़ी करते हैं। ऐसे मामलों में थोड़ी सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किरायेदार से हमेशा आमने-सामने मिलकर बातचीत करें। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या दस्तावेज़ पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और अपनी बैंक डिटेल्स, OTP या अन्य निजी जानकारी बिल्कुल साझा न करें।
हरियाणा पुलिस ने यह भी कहा है कि किरायेदार की पहचान और दस्तावेज़ों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

