लखनऊ. शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है. कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने आरोप लगाया कि अंकित की हत्या को लेकर अखिलेश यादव जातीय राजनीति कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर CM योगी की खास ‘पाती’, श्रीकृष्ण के संदेश से जोड़ा शासन; बोले- अन्याय का प्रतिकार और निर्बल का संरक्षण जरूरी
‘लाश पर जाट लिखकर राजनीति संवेदना नहीं’
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जिस अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश यादव राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे अब वहां पहुंच गए हैं, जहां उनकी जगह थी. राजभर ने आगे कहा कि किसी बेटे की लाश पर ‘जाट’ लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, बल्कि सौदागरी है.
‘हत्या मानवता के खिलाफ अपराध’
राजभर ने कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है और किसी गोत्र की जागीर नहीं. उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर उन्हें जाट समाज याद आ गया. राजभर ने दावा किया कि जनता जातिगत राजनीति और पुलिस की कानून-व्यवस्था दोनों को देख रही है.
दो शूटरों का पुलिस ने किया एनकाउंटर
अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में दो कथित शूटरों मोहित और सुमित को मार गिराया. पुलिस के मुताबिक दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले थे. दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस का कहना है कि दोनों अंकित की हत्या में शामिल थे.
इसे भी पढ़ें- 100 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी 15 साल की छात्रा, छलांग लगाते ही हवा में लटकी; महिला दारोगा ने ऐसे बचाई जान
अखिलेश लगातार उठा रहे थे कानून-व्यवस्था का मुद्दा
अंकित बालियान की हत्या के बाद अखिलेश यादव ने यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि हमलावर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. अब दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद राजभर और अखिलेश के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.


