लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार (12 अक्टूबर) को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला. राजभर ने अखिलेश को भगोड़ा बताते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि ललकार कर भागने वाले को भगोड़ा कहते हैं. उन्होंने सपा प्रमुख को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर कायम रहने की नसीहत भी दी.
इसे भी पढ़ें- मैनपुरी में मतदाता सूची की जांच पर डिंपल यादव ने मांगा जवाब, डीएम को लिखा पत्र
अखिलेश के बयान पर राजभर का पलटवार
ओमप्रकाश राजभर की यह टिप्पणी अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर हुई बयानबाजी के बाद आई है. राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटना चाहिए. उनके बयान से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है.
योगी को अखिलेश ने दी थी चुनौती
दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. उनके इस बयान के बाद भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई. अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती को लेकर दोनों पक्षों के नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साधना शुरू कर दिया.
योगी बोले- आइए, हम दोनों लड़ लेते हैं
अखिलेश यादव की चुनौती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए कहा था कि आइए, हम दोनों चुनाव लड़ लेते हैं. योगी के इस जवाब के बाद सियासी चर्चा और तेज हो गई.
इसे भी पढ़ें- राकेश टिकैत का बड़ा ऐलान: BJP के ‘प्राइवेट गुंडों’ का इलाज अब नई पीढ़ी करेगी, बोले- ‘पीछे हटने का सवाल नहीं’
‘मेरे सिपाही की काफी है’
इसके बाद अखिलेश यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए उनका एक सिपाही ही काफी है. राजभर ने इसी बयान को निशाने पर लेते हुए अखिलेश को भगोड़ा कहा और अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती से पीछे नहीं हटने की बात कही.

