अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था, 2027 चुनाव और गरीबों के लिए सरकारी योजनाओं का भी जिक्र किया।
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंबेडकरनगर दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय नौकरियां बेची जाती थीं और परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह नकल व पेपर बिक्री के भरोसे चलती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना किसी रिश्वत के नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।
राजभर ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के नेता पेपर लीक का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने शासनकाल की व्यवस्था याद करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उस समय प्रश्नपत्र बिकते थे और अभ्यर्थी उन्हें खरीदकर खेतों तक में बैठकर हल करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के नेता गांव-गांव घूमकर नौकरियां बेचते थे और अब वही लोग भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
706 करोड़ की परियोजनाएं
राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर को 706 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर जिले के विकास को नई गति दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी पांच सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से तैयारी शुरू करें।
कानून-व्यवस्था पर हमला
कैबिनेट मंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में दंगे नहीं हुए, जबकि सपा शासन में लगातार सांप्रदायिक हिंसा और अपराध की घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि आज अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है और कानून का राज स्थापित हुआ है।
पीडीए पर सवाल
राजभर ने समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सपा पिछड़ों की नहीं, केवल एक परिवार की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा पिछड़े वर्ग के अधिकारों की अनदेखी की और प्रदेश के विकास को पीछे धकेला।
गरीबों के लिए योजनाएं
राजभर ने कहा कि जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित जरूरतमंद परिवारों को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीबों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने पर सरकार इलाज के लिए समयबद्ध आर्थिक मदद सुनिश्चित कर रही है।


