अंबेडकर नगर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के सपा और कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों का समर्थन किया है. ओवैसी ने हाल ही में श्रावस्ती में कहा था कि दोनों दलों ने मुसलमानों से केवल दरी बिछवाने का काम लिया और उनके वोट को अपनी बपौती समझा.
इसे भी पढ़ें- BJP में अंदरूनी नाराजगी के सुर, पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप; सोशल मीडिया पर छलका दर्द
राजभर बोले- ओवैसी सही कह रहे
ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी सही कह रहे हैं. राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने मुसलमानों का वोट लिया, लेकिन मुख्यमंत्री बनाने की बात आने पर उन्हें नकार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों से केवल दरी बिछवाने का काम लिया गया.
सपा पर भी राजभर ने साधा निशाना
राजभर ने समाजवादी पार्टी पर भी इसी तरह के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सपा ने मुसलमानों के समर्थन से चार बार सरकार बनाई, लेकिन सत्ता में आने के बाद भी मुस्लिम समाज के साथ न्याय नहीं किया. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपनी बिरादरी के लोगों को आगे बढ़ाया.
श्रावस्ती में ओवैसी ने घोषित किया प्रत्याशी
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी रविवार को श्रावस्ती पहुंचे थे. यहां उन्होंने भिनगा विधानसभा सीट से दद्दन खां को एआईएमआईएम का प्रत्याशी घोषित किया. दद्दन खां पहले बहुजन समाज पार्टी में रह चुके हैं. भिनगा सीट पर पिछले दो विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है. ऐसे में एआईएमआईएम के उम्मीदवार उतारने से यहां सियासी मुकाबला दिलचस्प हो सकता है.
ओवैसी बोले- इंडिया गठबंधन के लिए तैयार
प्रत्याशी की घोषणा के दौरान ओवैसी ने सपा और कांग्रेस पर मुस्लिम वोटों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने सपा को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह लंबे समय तक नहीं चलने वाली है. ओवैसी ने यह भी कहा कि एआईएमआईएम ने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए हाथ बढ़ाया था, लेकिन अखिलेश यादव की ओर से कोई जवाब नहीं मिला.
इसे भी पढ़ें- ‘हाथ काटकर फेंक दो, जमानत हम करवा देंगे’ : सुल्तानपुर में मंत्री संजय निषाद का बयान, कह दी ये बात
उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी को हराने के लिए अगर इंडिया गठबंधन से हाथ मिलाना पड़े तो वह इसके लिए तैयार हैं. ओवैसी ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस मुसलमानों को केवल वोट बैंक के तौर पर देखती हैं और अधिकार देने की बात आने पर उन्हें नजरअंदाज करती हैं.

