जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनकी अलग रह रहीं पत्नी पायल अब्दुल्ला के बीच 17 साल से लंबित वैवाहिक विवाद अब आधिकारिक रूप से समाप्त हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों द्वारा आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी दे दी है। एक-दूसरे के खिलाफ लंबित सभी कानूनी मामलों को वापस लेने की जानकारी दिए जाने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया है।
सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ?
जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने बताया कि दंपति ने अपने सभी मतभेद सुलझा लिए हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत 22 जुलाई को आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने के लिए संयुक्त याचिका दाखिल की है। इस पर जस्टिस नरसिम्हा ने कहा कि अदालत समझौते की शर्तों के अनुरूप उचित आदेश पारित कर मामले का निस्तारण करेगी।
1994 में हुई थी शादी, 2011 से थे अलग
पायल आर्मी मेजर जनरल रामनाथ की बेटी हैं। उनके पिता मूल रूप से लाहौर के रहने वाले हैं. देश के विभाजन के बाद उनका परिवार लाहौर से भारत आ गया था। उमर और पायल ने लव मैरिज की थी। उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों ने वर्ष 1994 में शादी की। इस विवाह से उनके दो बेटे—जाहिर और जमीर—हैं। हालांकि, वर्ष 2009 से दोनों अलग रहने लगे और 2011 में उमर अब्दुल्ला ने सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की पुष्टि की थी।
फैमिली कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
उमर अब्दुल्ला ने सबसे पहले फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी, लेकिन 2016 में अदालत ने आरोपों को पर्याप्त न मानते हुए याचिका खारिज कर दी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। दिसंबर 2023 में हाईकोर्ट ने भी फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए पायल अब्दुल्ला के लिए 1.5 लाख रुपये मासिक भरण-पोषण और बेटे की शिक्षा के लिए 60 हजार रुपये प्रति माह देने का आदेश दिया था।
मध्यस्थता के बाद सम्मानजनक समाधान
हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने के बाद मामले को मध्यस्थता (Mediation) के लिए भेजा गया। सफल मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों ने सभी कानूनी विवाद समाप्त कर आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया। इसके साथ ही वर्षों से चली आ रही कानूनी लड़ाई अब सम्मानजनक और सहमति आधारित समाधान की ओर बढ़ गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


