देहरादून. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों देशवासियों से 7 अपील की थी. जिसका असर भी देश में देखने को मिल रहा है. पेट्रोल पंप पर ईंधन के लिए लंबी लाइनें, दिख रही है. पीएम ने सोना खरीदने को लेकर भी अपील की थी कि देशवासी कम से कम सालभर सोने की खरीदी ना करें. इसे लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर निशाना साधा है.
प्रदेश अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा कि ‘प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि अब सोना मत खरीदिए. लेकिन सवाल यह है कि जनता के पास सोना खरीदने लायक बचा क्या है? 13 साल सत्ता में रहने के बाद अगर सरकार को यह कहना पड़े कि विदेशी मुद्रा भंडार घट रहा है, पेट्रोलियम और जरूरी सामान खरीदने के लिए पैसे कम पड़ रहे हैं, तो यह देश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है. जनता सब देख रही है एक तरफ महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, दूसरी तरफ सरकार अपनी नाकामियों का बोझ आम लोगों पर डाल रही है.’
इसे भी पढ़ें : ‘प्रधानमंत्री की अपील केवल गैर-भाजपाई भारत के लिए है या उसमें सारा भारत सम्मिलित है?’
बता दें कि इस विषय को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत भी सरकार पर निशाना साध चुके हैं. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री की पेट्रोलियम पदार्थों आदि को लेकर देश के लोगों से की गई अपील लोगों तक ठीक से पहुंच भी नहीं पाई है. सत्ता रूढ़ दल स्वयं उस अपील की धज्जियां उड़ा रहा है. मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण में देश भर के मुख्यमंत्रीगण और पूंजीपतिगण अपने-अपने प्राइवेट जेट लेकर पहुंच रहे हैं. क्या प्रधानमंत्री जी की अपील केवल गैर-भाजपाई भारत के लिए है या उसमें सारा भारत सम्मिलित है?
गौरतलब है कि सीएम धामी ने आज ही सरकारी गाड़ियों की संख्या आधी करने का निर्देश दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री की एनर्जी बचाने की अपील को देशहित में एक वादा बताया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एनर्जी बचाने और रिसोर्स के सही इस्तेमाल की अपील को देशहित में जरूरी बताते हुए अपनी सरकारी गाड़ियों की संख्या 50 परसेंट कम करने का निर्देश दिया है.

