शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईएएस नियाज खान (Former IAS Niaz khan) अपने विवादित और बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहते है। एक बार फिर वे चर्चा में है। इस बार बांग्लादेश को लेकर केंद्र सरकार से विनम्र अपील की है। पूर्व IAS अधिकारी ने मुसलमान को केंद्रीय मंत्री बनाने की मांग की है।
2-3 मुस्लिम मंत्री बनाने पर चिंतन करें
पूर्व आईएएस नियाज खान ने सोशल मीडिया X पर लिखा- बांग्लादेश में दो हिंदू मंत्री बने बड़ी खुशी हुई। बांग्लादेश में एक करोड़ हिंदू हैं और दो मंत्री। वहीं भारत में 20 करोड़ मुस्लिम हैं पर केंद्र सरकार में एक भी मुस्लिम मंत्री नहीं, बड़ा आश्चर्य हुआ। उन्होंने बीजेपी और RSS से विनम्र निवेदन है कि कृपया 2-3 मुस्लिम मंत्री बनाने पर गंभीर चिंतन करें।
बीजेपी ने साधा निशाना
मामले में बीजेपी विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा- काबलियत-समय-जरूरत के हिसाब से पद मिलता है। भारत में धर्म आधारित राजनीति नहीं होती। एनडीए सरकार में भी मुस्लिम मंत्री रहे हैं। पद सिर्फ इसलिए नहीं दिया जाता कि फलां जाति से हैं। यहां पद योग्यता, काबलियत, जरूरत के हिसाब से मिलते हैं। भारत नहीं हर देश में यही होता है। बीजेपी के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा- धर्म के आधार पर पद नहीं होते। पूर्व में मुस्लिम भाई मंत्री भी रहे हैं। सब समय अनुसार निर्भर होता है। वहां क्या है, यहां क्या है ये नहीं होना चाहिए।

