कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में कल हुई भीषण अग्निकांड में एक महिला की मौत हो गई है। अस्पताल ले जाते वक्त महिला अंकिता अग्रवाल ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक डॉ सतीश सिकरवार ने महिला अंकिता की मौत की पुष्टि की है। कांग्रेस विधायक ने कहा- भीषण आग लगी थी इसलिए महिला की दम घुटने के कारण मौत हुई है।
लकड़ी कारोबारी के घर लगी थी आग
दरअसल आगजनी की घटना ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र की थी, जहां एक मकान में भीषण आग लग गई। इस दौरान अंदर करीब 5 से 6 लोग फंस गए, जिन्हें खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मकान लकड़ी कारोबारी कुंज बिहारी एंड संस का है।
बड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
इस दौरान एक दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस काम में पुलिस समेत स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। प्रशासनिक अमला, नगर निगम, पुलिस, मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, आग लगने की वजह अब तक सामने नहीं आई है।

