अजयारविंद नामदेव, शहडोल। दुधारू गाय और मासूम बछड़ों से भरे एक वाहन को बुढार पुलिस ने पकड़कर मवेशियों की कथित तस्करी के प्रयास का खुलासा किया है। पुलिस की कार्रवाई में वाहन से 13 नग जर्सी गाय और 12 नग बछड़े, यानी कुल 25 मवेशी बरामद किए गए हैं। बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत 23 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
बुढार थाना पुलिस को मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी, सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की और उसे रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में दुधारू गाय और बछड़े पाए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन में सवार लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार वाहन में 13 जर्सी नस्ल की गायों के साथ 12 बछड़ों को ले जाया जा रहा था। इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों को एक साथ परिवहन किए जाने को लेकर पुलिस ने दस्तावेजों और परिवहन संबंधी अनुमति की जांच शुरू कर दी है। बरामद मवेशियों की कीमत 23 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
बुढार पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मवेशियों को सुरक्षित कराया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था,पुलिस की इस कार्रवाई को मवेशियों के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
बुढार थाना प्रभारी संजय कुमार जायसवाल के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटरयान अधिनियम की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी शिकंजा कस दिया है। हाईवे पर आधी रात हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक से इलाके के पशु माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



