मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ INDIA गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने का आह्वान किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेताओं ने लोगों से इस रैली में शामिल होने की अपील की है। विपक्ष ने इसे लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई बताया है।

राहुल गांधी बोले- यह किसी पार्टी नहीं, देश की आत्मा का मार्च

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर लोगों से 1 नवंबर को रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से असहमत हैं और लोकतंत्र बचाना चाहते हैं, वे रैली में शामिल हों।

राहुल गांधी ने कहा, “रामलीला मार्च लोकतंत्र को बचाने, वोट चोरी रोकने और संविधान बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है।” उन्होंने छात्र संगठनों से भी इसमें भाग लेने का आह्वान किया।

ममता बनर्जी, अखिलेश और तेजस्वी ने भी किया समर्थन

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा कि 1 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन एकजुट होगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और नागरिक समाज से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जब वोट खतरे में हो, तो चुप रहना विकल्प नहीं है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने महारैली में शामिल होने की घोषणा की है। वहीं, RJD नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग की कथित मनमानी के खिलाफ लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की।

वकीलों, योगेंद्र यादव और CJP का भी समर्थन

सुप्रीम कोर्ट के वकीलों और स्वराज इंडिया प्रमुख योगेंद्र यादव ने भी रैली का समर्थन किया है। योगेंद्र यादव ने इसे विभिन्न राजनीतिक दलों, युवाओं और जन आंदोलनों को जोड़ने वाला अभियान बताया।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी महारैली को समर्थन देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि इस आंदोलन का उद्देश्य चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता बहाल करना तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m