मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक ने नई दिल्ली में प्रतीकात्मक सार्वजनिक ‘इम्पीचमेंट’ कार्यक्रम आयोजित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हो रहे इस कार्यक्रम में विपक्ष की करीब 21 पार्टियों के शामिल होने की उम्मीद है। खड़गे ने कार्यक्रम में प्रस्ताव पेश किया, जबकि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार पूरी कार्यवाही की अध्यक्षता कर रही हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खड़गे के आवास पहुंचे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेश किया प्रस्ताव, मीरा कुमार कर रहीं अध्यक्षता

इंडिया ब्लॉक का यह कार्यक्रम संसद की कार्यवाही की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रस्ताव पेश करके की। इसके बाद विपक्षी दलों के नेता और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 30 वक्ताओं के संबोधित करने की उम्मीद है। राहुल गांधी के कार्यक्रम के अंत में अपनी बात रखने की संभावना है।

SIR और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर विपक्ष का विरोध

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इंडिया ब्लॉक का विरोध मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर है।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में उन नागरिकों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। विपक्ष इस मंच के जरिए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखना चाहता है।

1 नवंबर की इंडिया ब्लॉक रैली से पहले अहम आयोजन

यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को आयोजित होना था, लेकिन दिल्ली में भारी बारिश के कारण इसे टाल दिया गया था। अब इसे 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली से पहले एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

इस सार्वजनिक कार्यक्रम के जरिए विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने और SIR के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं। हालांकि, यह प्रतीकात्मक ‘इम्पीचमेंट’ कार्यक्रम है, न कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की औपचारिक संसदीय कार्यवाही।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m