Odisha Desk, भुवनेश्वर: चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद ओडिशा के कई हिस्सों में पैदा हुई बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति के बावजूद ओडिशा लोक सेवा आयोग (OPSC) की आगामी परीक्षाओं के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शुक्रवार को यह स्पष्ट जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि अगर इस समय परीक्षा स्थगित की जाती है, तो पूरी भर्ती प्रक्रिया लगभग छह महीने पीछे खिसक जाएगी। यही वजह है कि सरकार ने परीक्षा स्थगित न करने का फैसला लिया है।
राजस्व मंत्री ने आश्वासन दिया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार पुख्ता इंतजाम कर रही है।
सरकार प्रभावित इलाकों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए विशेष बसों और परिवहन की व्यवस्था करेगी। गंजम जिले से लगभग 325 अभ्यर्थी और अन्य प्रभावित क्षेत्रों से लगभग 100 उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं।
भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित हुए गंजम जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त है और सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके बावजूद सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी अभ्यर्थी बाढ़ के कारण परीक्षा देने से न चूके।
मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

